भोपाल / मुंहबोली मौसी ने नशे की लत लगाकर किशोरी से कराया देह व्यापार

एक किशोरी को नशे की लत लगाकर एक महिला व उसके दो साथी उससे करीब पांच महीने से देह व्यापार करा रहे थे। इस काम के लिए उसे बाहर भी भेजा जाता था। निशातपुरा पुलिस ने महिला समेत उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।


निशातपुरा पुलिस को ऐशबाग निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने बताया कि उसके घर पर मुंहबोली मौसी पायल उर्फ अप्पी आती थी। वह उसे झांसा देकर अपने घर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निशातपुरा लेकर गई। वहां उसे खाने में कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद उसके दोस्त इमरान ने दुष्कर्म किया। बाद में महिला के दूसरे साथी छोटे इमरान ने गलत काम किया। नशे की लत लगाकर उसे दूसरे लोगों के पास भेजने लगे। किशोरी की मां को बेटी की नशे की लत का पता चला। 


इस पर उसने अपने करीबी से नशा मुक्ति केन्द्र में फोन लगवाया। मां उसे केन्द्र लेकर पहुंची। जहां, किशोरी ने आप बीती बताई। इसके बाद नशा मुक्ति केन्द्र के संचालक ने बाल कल्याण समिति को इसकी सूचना दी। समिति के सदस्यों ने किशोरी को गौरवी में भेजा, जहां काउंसलिंग के बाद किशोरी ने उसके साथ हुई घटना के बारे में बताया था।